वाराणसी में पहली बार होगी प्रादेशिक विद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता, 2160 खिलाड़ी दिखाएंगे कौशल...

वाराणसी:प्रादेशिक विद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता बालक बालिका की अंडर 14, 17 और 19 आयु वर्ग में खेली जाएगी. इस प्रतियोगिता में 2160 खिलाड़ी, कोच और मैनेजर हिस्सा लेंगे. 21 से 25 अगस्त तक डॉ भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल बड़ा लालपुर के अलावा अन्य स्थानों पर खेली जाएगी.
संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल दिनेश कुमार सिंह के अनुसार इस प्रतियोगिता में 18 मंडल के 2160 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. एक मंडल से 120 खिलाड़ी, कोच और मैनेजर इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आएंगे.
इनको ठहराने का इंतजाम कई कॉलेजों में किया जाएगा. इसके लिए कॉलेजों की सूची बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है. इस के अलावा यूपी बोर्ड के अलावा अन्य बोर्ड के स्कूल कॉलेजों में उपलब्ध सुविधाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है. प्रयास है प्रतियोगिता स्थल के आस पास खिलाड़ियों का निवास रहे.
इस प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर उत्तर प्रदेश की टीम का चयन किया जाएगा. जो राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी.
उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ एके सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता में 30 निर्णायकों की देखरेख में खेली जाएगी.
कुछ अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय निर्णायकों को आमंत्रित किया गया है.
चार कोर्ट पर मैच खेला जाएगा। एक कोर्ट प्रैक्टिस के लिए आरक्षित रहेगा.
एक कोर्ट पर दो रेफरी, एक टाइम कीपर और एक स्कोरर रहेगा. 10 टेक्निकल अधिकारियों की देखरेख में सभी कोर्ट तैयार किया जाएगा . टेक्निकल अधिकारी 19 अगस्त से आना शुरू हो जाएगा.
मंडलीय क्रीड़ा सचिव राजेश कुमार सिंह के अनुसार पहली बार प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में इतनी बड़ी प्रतियोगिता आयोजित हो रही है. इस कारण एक एक बिंदु पर गंभीरता से नजर रखी जा रही है. इस प्रतियोगिता के बाद वाराणसी पहली बार राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता अंडर 17 बालिका वर्ग की मेजबानी भी करेगा. यह प्रतियोगिता जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में प्रस्तावित है.



