कचरा प्रबंधन में देश का मॉडल बनेगा वाराणसी, केंद्रीय सचिव ने करसड़ा और रमना प्लांट का किया निरीक्षण...

वाराणसी. को कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में देश का मॉडल शहर बनाने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। इसी क्रम में शनिवार को शहरी आवासन एवं कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव श्रीनिवास कटिकिथला ने करसड़ा स्थित वेस्ट-टू-कंपोस्ट प्लांट और रमना स्थित वेस्ट-टू-चारकोल प्लांट का निरीक्षण कर कचरा प्रसंस्करण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ मंत्रालय की संयुक्त सचिव रूपा मिश्रा भी मौजूद रहीं।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने केंद्रीय टीम का स्वागत किया। करसड़ा प्लांट में सचिव ने कचरे से जैविक खाद बनाने की प्रक्रिया की जानकारी ली। प्लांट संचालक संस्था ईस्टर्न ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर्स के प्रतिनिधियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से कचरा प्रसंस्करण और खाद निर्माण की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने वर्षों से जमा लिगेसी वेस्ट की स्थिति का भी अवलोकन किया और इसके वैज्ञानिक एवं शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने कचरे के निस्तारण में तेजी लाकर पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जाए।
ALSO READ : विश्वप्रसिद्ध रामनगर की रामलीला के पात्रों के चयन के लिए तीन दर्जन से अधिक मठों को भेजा गया संदेश...
इसके बाद केंद्रीय टीम रमना स्थित वेस्ट-टू-चारकोल प्लांट पहुंची, जहां कचरे से चारकोल बनाने की आधुनिक तकनीक का निरीक्षण किया गया। सचिव ने प्लांट की क्षमता और उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी ली तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए संयुक्त सचिव रूपा मिश्रा के साथ पौधरोपण भी किया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, अमित कुमार, सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय सहित नगर निगम एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। नगर निगम का कहना है कि आधुनिक तकनीकों के जरिए कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन कर वाराणसी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।



