प्रो. शुकदेव सिंह स्मृति सम्मान से सम्मानित होंगे वरिष्ठ साहित्यकार सुभाष राय...

वाराणसी. कबीर विवेक परिवार द्वारा प्रतिवर्ष प्रदान किया जाने वाला प्रतिष्ठित 'प्रो. शुकदेव सिंह स्मृति सम्मान' वर्ष 2026 के लिए सुप्रसिद्ध अध्येता, कवि एवं संपादक सुभाष राय को प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें प्राचीन एवं मध्यकालीन भारतीय साहित्य, विशेषकर भक्तिकालीन साहित्य के गंभीर अध्ययन में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जा रहा है।
सम्मान की घोषणा कबीर विवेक परिवार की प्रमुख डॉ. भगवंती सिंह ने की। उन्होंने बताया कि सुभाष राय को उनकी चर्चित पुस्तकों 'दिगम्बर विद्रोहिणी अक्क महादेवी' और 'आत्मसंभवा आंडाल' के लिए सम्मानित किया जाएगा। दोनों पुस्तकें रज़ा न्यास की अध्येतावृत्ति के अंतर्गत लिखी गई हैं और सेतु प्रकाशन, नई दिल्ली द्वारा प्रकाशित की गई हैं।
इस सम्मान के लिए गठित निर्णायक मंडल में हिंदी के वरिष्ठ कथाकार प्रो. काशीनाथ सिंह, प्रख्यात कवि-आलोचक अशोक वाजपेयी तथा कवि-आलोचक प्रो. आशीष त्रिपाठी शामिल थे। समिति ने सर्वसम्मति से सुभाष राय के नाम पर मुहर लगाई।
निर्णायकों ने अपनी संस्तुति में कहा कि आंडाल और अक्क महादेवी भारतीय भक्ति आंदोलन के लोकतांत्रिक स्वर की प्रतिनिधि कवयित्रियाँ हैं। सुभाष राय ने अपनी पुस्तकों में इन दोनों महान कवयित्रियों के आंतरिक जीवन, सामाजिक-सांस्कृतिक संघर्ष और प्रतिरोध की चेतना का गहन एवं संवेदनशील विश्लेषण प्रस्तुत किया है।
ALSO READ : शहर में बनेंगे 15 मॉडर्न बस क्यू शेल्टर, हरित और स्मार्ट सेंटर के रूप में होंगे विकसित...
सम्मान के संयोजक एवं काशी हिंदू विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के प्रो. मनोज कुमार सिंह ने बताया कि संत साहित्य के मूर्धन्य विद्वान प्रो. शुकदेव सिंह की स्मृति में स्थापित यह सम्मान हर वर्ष उनकी जयंती 24 जुलाई को वाराणसी में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाता है।
प्रो. शुकदेव सिंह का जन्म गाजीपुर में हुआ था। वे काशी हिंदू विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में प्रोफेसर रहे और संत साहित्य के क्षेत्र में उनके शोध, लेखन एवं संपादन को आज भी महत्वपूर्ण संदर्भ सामग्री माना जाता है।



