Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

पुलिस लोगों से बात करते समय गालियां क्‍यों देती है, किशोरी चौपाल में थानाध्‍यक्ष से पूछा चुभता सवाल...

पुलिस लोगों से बात करते समय गालियां क्‍यों देती है, किशोरी चौपाल में थानाध्‍यक्ष से पूछा चुभता सवाल...
Jun 11, 2026, 07:16 AM
|
Posted By Diksha Mishra

वाराणसी :जिले के मिर्जामुराद थाने में किशोरी चौपाल लगाई गई. आदर्श ग्राम नागेपुर में आशा ट्रस्ट एवं लोक समिति के तत्वावधान में किशोरी समर कैंप के अंतर्गत गुरुवार को किशोरियों का शैक्षिक एवं जागरूकता भ्रमण कार्यक्रम के तहत यह आयोजन हुआ. इस अवसर पर लगभग 150 किशोरियों ने थाना परिसर का भ्रमण किया और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा. साथ ही, पुलिस अधिकारियों के साथ खुलकर संवाद किया. कुछ चुभते हुए सवाल भी किशोरियों ने किए.


कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर में विशेष "किशोरी चौपाल" का आयोजन किया गया. चौपाल को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष गोपालजी कुशवाहा ने किशोरियों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी दी. उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबर 112, 181 तथा 1090 के बारे में विस्तार से बताया. इसके साथ ही, घरेलू हिंसा, महिला हिंसा कानून और साइबर क्राइम से संबंधित विभिन्न कानूनों की जानकारी भी साझा की. पॉक्सो अधिनियम सहित महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी भी दी गई.


ghhf


परिचर्चा के दौरान किशोरियों ने बेबाकी और आत्मविश्वास के साथ पुलिस व्यवस्था से जुड़े कई व्यवहारिक प्रश्न उठाए. किशोरी सुनीता ने थानाध्यक्ष से सवाल किया, "पुलिस अक्सर लोगों से बात करते समय माँ-बहन की गालियों का प्रयोग क्यों करती है. किसी घटना में जिनका कोई संबंध नहीं होता, उनके लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल कितना उचित है." इस प्रश्न के बाद अन्य किशोरियों ने भी अपने अनुभवों के आधार पर पुलिस के व्यवहार, ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था तथा महिलाओं की समस्याओं से जुड़े अनेक सवाल रखे.


थानाध्यक्ष गोपालजी कुशवाहा ने किशोरियों की जिज्ञासा, तार्किक सोच और बेबाकी की सराहना करते हुए सभी प्रश्नों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ उत्तर दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच संवाद तथा विश्वास का रिश्ता मजबूत होना चाहिए. पुलिस हमेशा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहती है. कई किशोरियों ने अपने गांवों में संचालित जुआ एवं अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग भी उठाई. पुलिस अधिकारियों ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया और ग्रामीणों से भी ऐसे मामलों की सूचना पुलिस को देने की अपील की.


rg


लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर ने बताया कि आशा ट्रस्ट और लोक समिति संस्था द्वारा लोक समिति आश्रम नागेपुर में किशोरी समर कैंप के अंतर्गत 15 मई से किशोरियों को शिक्षा, कला, नेतृत्व विकास, स्वास्थ्य, अधिकार जागरूकता तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि थाना भ्रमण का उद्देश्य किशोरियों के मन में पुलिस के प्रति व्याप्त भय और संकोच को दूर करना तथा उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर प्रदान करना है.

उपनिरीक्षक गोल्डी ने कहा कि समाज में पुलिस की एक नकारात्मक छवि बनने के कई कारण रहे हैं, जिसके चलते विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की किशोरियां और महिलाएं कई बार गंभीर परिस्थितियों में भी पुलिस तक अपनी बात नहीं पहुंचा पाती हैं. ऐसे में थाना भ्रमण और खुली परिचर्चा जैसे कार्यक्रम पुलिस और समाज के बीच विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का संकेत देते हैं.


कार्यक्रम में संस्था की ओर से थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा, पूर्व ग्राम प्रधान नारायण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक गोल्डी और अध्यक्षता मिशन शक्ति अभियान प्रभारी अनुजा गोस्वामी का स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया. कार्यक्रम का स्वागत पूर्व ग्राम प्रधान नारायण प्रताप ने किया. अध्यक्षता मिशन शक्ति अभियान प्रभारी अनुजा गोस्वामी ने की. धन्यवाद ज्ञापन आशा राय ने किया तथा संचालन लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर ने किया.


ALSO READ:पवन एक्सप्रेस 9 घंटे लेट, यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें; मेगा ब्लॉक से 40 मिनट रुकी सिकंदराबाद-दानापुर सुपरफास्ट...


इस अवसर पर थानाध्यक्ष गोपालजी कुशवाहा, उपनिरीक्षक गोल्डी, अनुजा गोस्वामी, अविनाश कुमार सिंह, गणेश पटेल, प्रेम कुमार, पवन यादव, संदीप सिंह, अजित मिश्रा, श्यामसुंदर, सीमा, विद्या, पंचमुखी, सरिता, रामबचन, निहारिका, सोनी बेबी, आशा रानी, विमला, मनीषा, शमा बानो, अनीता, प्रेमा सहित बड़ी संख्या में किशोरियां एवं ग्रामीण उपस्थित रहे.

वाराणसी की 30 महिलाएं बनी 'सोलर दीदी', नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे
वाराणसी की 30 महिलाएं बनी 'सोलर दीदी', नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे
वाराणसी : भारत सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत संचालित 'सोलर दीदी' अभियान के तहत वाराणसी में 30 महिलाओं को रोजगार प्रदान किया गया. आर्क सूर्य शक्ति प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित चयन एवं नियुक्ति कार्यक्रम में चयनित महिलाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए. साथ ही उन्हें सौर ऊर्जा से संबंधित तकनीकी प्रशिक्षण, कार्य प्रणाली और जनजागरूकता अभियान से जुड़ी जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई.कार्यक्रम में आर्क सूर्य शक्ति प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अभिषेक सिंह 'चंचल' ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण किसी भी विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है. 'सोलर दीदी' अभियान महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका भी प्रदान कर रहा है. चयनित महिलाएं अब लोगों को योजना की जानकारी देंगी और सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करेंगी.अभिषेक सिंह ने बताया कि आर्क परिवार फाउंडेशन समाज सेवा के अपने संकल्प के तहत सौर ऊर्जा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का कार्य लगातार कर रहा है. संस्था ऐसे परिवारों तक पहुंच रही है, जो जानकारी के अभाव या आर्थिक कारणों से सोलर संयंत्र नहीं लगवा पा रहे हैं. फाउंडेशन उन्हें प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, सरकारी सब्सिडी, बैंक ऋण और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी देने के साथ आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराता है. जरूरतमंद परिवारों को संस्था अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग भी प्रदान करती है.ALSO READ: कैंट स्टेशन के बाहर महिलाओं से अश्लील हरकत, एंटी रोमियो टीम ने दो युवकों को किया गिरफ्तारउन्होंने कहा कि फाउंडेशन कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से उद्योग जगत को भी स्वच्छ ऊर्जा अभियान से जोड़ने का प्रयास कर रहा है. उनका मानना है कि सरकार, उद्योग, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास से ही भारत ऊर्जा आत्मनिर्भर और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार राष्ट्र बन सकता है. उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाना केवल बिजली बिल कम करने का माध्यम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है.
कैंट स्टेशन के बाहर महिलाओं से अश्लील हरकत, एंटी रोमियो टीम ने दो युवकों को किया गिरफ्तार
कैंट स्टेशन के बाहर महिलाओं से अश्लील हरकत, एंटी रोमियो टीम ने दो युवकों को किया गिरफ्तार
वाराणसी: सिगरा थाना क्षेत्र में कैंट रेलवे स्टेशन के सामने महिलाओं से अश्लील हरकत और अभद्र इशारे करने वाले दो युवकों को एंटी रोमियो टीम ने गिरफ्तार किया है। वहीं मौके पर मौजूद आठ अन्य युवकों को उनके परिजनों को बुलाकर चेतावनी और माफीनामा लेने के बाद सुपुर्द कर दिया गया।पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी रोमियो टीम को सूचना मिली कि कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच कुछ युवक आने-जाने वाली महिलाओं को अश्लील इशारे कर परेशान कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सादे कपड़ों में पहुंची टीम ने मौके पर जांच की तो शिकायत सही पाई गई।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवनीश पांडेय (20 वर्ष), निवासी चौबेपुर, वाराणसी तथा संदीप कुमार यादव (20 वर्ष), निवासी कछवा, मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ सिगरा थाने में मु.अ.सं. 0310/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।ALSO READ: वाराणसी में हेरोइन और नकदी के साथ तस्‍कर गिरफ्तार, सारनाथ पुलिस ने की कार्रवाईइसके अलावा मौके पर मिले आठ अन्य युवकों को उनके परिजनों को बुलाकर भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई और माफीनामा लेने के बाद छोड़ दिया गया।यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में एंटी रोमियो टीम प्रभारी उपनिरीक्षक काजोल सिंह, उपनिरीक्षक डाली साहू तथा टीम के अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा की गई।
वाराणसी में हेरोइन और नकदी के साथ तस्‍कर गिरफ्तार, सारनाथ पुलिस ने की कार्रवाई
वाराणसी में हेरोइन और नकदी के साथ तस्‍कर गिरफ्तार, सारनाथ पुलिस ने की कार्रवाई
वाराणसी : सारनाथ थाने की पुलिस ने एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है. उसके पास से लाखों रुपये मूल्य की 19 ग्राम हेरोइन और 1350 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. आरोपी की तलाश पुलिस कई दिनों से कर रही थी.थाना प्रभारी सारनाथ पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बीती रात सारनाथ पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस टीम को थाना क्षेत्र के हवेलिया रेलवे क्रॉसिंग स्थित त्रिदेव अपार्टमेंट के पास एक हेरोइन तस्कर के मौजूद होने की सूचना मिली.सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. रात करीब 11:40 बजे एक युवक अपार्टमेंट की दीवार के किनारे छिपा खड़ा था. पुलिस टीम को देखकर वह अपार्टमेंट की बाउंड्री कूदकर भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर उसे कुछ दूर पर उसे दबोच लिया. तलाशी लेने पर उसकी जेब से हेरोइन का एक पैकेट और 1350 रुपये नकद बरामद हुए.ALSO READ: काशी के कोतवाल ने किया नगर भ्रमण, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाबपकड़े गए युवक की पहचान मूरत राजभर उर्फ कुत्तू राजभर पुत्र मुन्ना राजभर, निवासी पैगंबरपुर कुआं, थाना सारनाथ, वाराणसी के रूप में हुई. पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह हेरोइन पीने का आदी है. उसने महंगी हेरोइन बड़ी मात्रा में खरीदकर रखी थी, जिसे वह अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर युवा पीढ़ी को बेचता था. मुनाफे के पैसों से वह अपने नशे की पूर्ति करता था.सारनाथ पुलिस ने आज दोपहर चिकित्सकीय परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी, चौकी प्रभारी पुराना पुल अनुज कुमार शुक्ला, सब इंस्पेक्टर अमरजीत कुमार, हेड कांस्टेबल दिलीप यादव, पंकज सिंह और कांस्टेबल सुमित कुमार सिंह शामिल थे.