कैंट स्टेशन पर मालगाड़ी के वैगन पर युवक चढ़ा, उतारने में सिपाही पटरी पर गिरा...

वाराणसी : कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक खड़ी मालगाड़ी के वैगन (डिब्बा) पर चढ़कर अर्धनग्न अवस्था में बैठ गया. इस दौरान तेज धूप के बावजूद युवक करीब आधा घंटा तक वह उलजलूल हरकत भी करता रहा. हंगामें के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक केवल अंडरवियर पहने हुए मालगाड़ी के डिब्बे पर चढ़ गया और ऊपर ही बैठा रहा. आसपास मौजूद लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, जबकि कुछ लोग उसका वीडियो बनाने में जुटे रहे(. गनीमत रही कि युवक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.

सूचना के बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया. इस दौरान जीआरपी के सिपाही अरुण कुमार अनियंत्रित होकर रेलवे ट्रैक पर गिर पड़े, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं. हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि युवक द्वारा धक्का दिए जाने के कारण सिपाही को चोट पहुंची. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
ALSO READ : वाराणसी में एक लाइसेंस पर एक नाव, जारी होंगे नंबर प्लेट, आरटीओ तैयार कर रहा एसओपी...
इसके बाद पुलिस के तीन से चार जवान वैगन पर चढ़े और काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया. प्रारंभिक जांच में युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हुआ. उसके पास कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिले. पूछताछ के दौरान वह अपना नाम और पता भी स्पष्ट रूप से नहीं बता सका. जीआरपी थाना प्रभारी रजोल नागर ने बताया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है. उसकी पहचान कराने तथा परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.



