वाराणसी में पहलवानी का अभ्यास करते समय करेंट लगने से युवक की मौत, परिवार में मातम...

वाराणसी : चौक थाना क्षेत्र के बेनिया स्थित राम सिंह अखाड़े में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया.अखाड़े में प्रतिदिन की तरह पहलवानी करने पहुंचे बड़ी पियरी निवासी युवक की बिजली के तार की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना के बाद अखाड़े में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों में मातम पसर गया. मृत युवक की पहचान बड़ी पियरी निवासी हर्ष उर्फ शनि (23), पुत्र रामाश्रय के रूप में हुई है.
स्थानीय लोगों के अनुसार हर्ष रोज की तरह सुबह अखाड़े में अभ्यास करने गया था. इसी दौरान वह वहां मौजूद बिजली के तार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया. करेंट लगने के तुरंत बाद अखाड़े में मौजूद लोगों ने उसे तत्काल उपचार के लिए कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद हर्ष को मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया. घटना की सूचना पर चौक थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी.

क्षेत्र में शोक की लहर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा बिजली के करेंट की चपेट में आने से हुआ है. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि करेंट किस कारण से फैला तथा कहीं सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही तो नहीं हुई. यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : मां ने मासूम संग दी जान, डांट से आहत युवती ने भी लगाई फांसी; एक ही रात में तीन मौत...
स्थानीय लोगों ने बताया कि हर्ष एक मेहनती और मिलनसार युवक था तथा नियमित रूप से अखाड़े में पहलवानी का अभ्यास करता था. उसकी असामयिक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.



