ईडी और सीबीआई का डर दिखाकर 49.78 लाख की ठगी, दंपती समेत छह पर केस दर्ज...

वाराणसी : मंडुवाडीह क्षेत्र में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और सीबीआई का डर दिखाकर करीब 49.78 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दंपती और उनके दो बेटों समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, कंदवा (अवलेशपुर) निवासी अशोक कुमार मल्ल ने शिकायत में बताया कि आरोपियों ने व्यवसाय और ठेकेदारी में फायदा दिलाने का झांसा दिया. इसके बाद ईडी और सीबीआई की कार्रवाई का भय दिखाकर उनसे अलग-अलग चरणों में रुपये वसूले.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने विनय कुमार गौड़, उनकी पत्नी उर्मिला देवी, बेटे विवेक कुमार गौड़ और विकास कुमार गौड़, राजकुमार तथा मेहताब के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पीड़ित का आरोप है कि पहले उनके और उनके बेटों के विभिन्न बैंक खातों से ऑनलाइन माध्यम से अलग-अलग तारीखों में 16,78,500 रुपये आरोपियों के खातों में ट्रांसफर कराए गए.इसके बाद आरोपियों ने लगातार डराने-धमकाने और ब्लैकमेल कर करीब 33 लाख रुपये नकद भी वसूल लिए.
ALSO READ : नगर निगम की बड़ी पहल: छह महीने में घर बैठे मुफ्त डाउनलोड होगा ऑनलाइन पीला कार्ड
इस तरह आरोपियों ने कुल 49,78,500 रुपये की ठगी कर ली.मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि बैंक खातों के लेनदेन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है.यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



