छात्र-नौजवानों की आवाज को घर-घर पहुंचाने का आह्वान, 9 अगस्त को मौन उपवास का संकल्प...

वाराणसी : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनिल श्रीवास्तव के माधोपुर स्थित आवास पर गुरुवार को पूर्व छात्र नेताओं, विभिन्न राजनीतिक दलों और युवा संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई. बैठक में दिल्ली के जंतर-मंतर समेत देशभर में छात्र आंदोलनों के दौरान हुए लाठीचार्ज और गोलीबारी की निंदा करते हुए घायल छात्रों और युवाओं के प्रति एकजुटता व्यक्त की गई.
बैठक में देश में शिक्षा के गिरते स्तर, भ्रष्टाचार, सत्ता के केंद्रीकरण, बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर गंभीर चिंता जताई गई. वक्ताओं ने सामाजिक परिवर्तन के लिए व्यापक जनआंदोलन की आवश्यकता पर बल देते हुए सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने की बात कही.
विजय शंकर पाण्डेय और प्रो. सुरेंद्र प्रताप ने प्रस्तावित आंदोलन की रूपरेखा प्रस्तुत की. बैठक की अध्यक्षता समाजवादी नेता विजय नारायण ने की, जबकि जेएनयू के वरिष्ठ प्रोफेसर ओम प्रकाश मुख्य अतिथि रहे.
कांग्रेस प्रवक्ता संजीव सिंह ने छात्रों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए राजनीतिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव की मांग रखी. उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों, ट्रेड यूनियनों, किसान संगठनों और व्यापार मंडलों से आंदोलन को समर्थन देने की अपील की। बैठक में 9 अगस्त, क्रांति दिवस के अवसर पर धरना एवं मौन उपवास करने का संकल्प लिया गया.
ALSO READ:वाराणसी में पहली बार होगी प्रादेशिक विद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता, 2160 खिलाड़ी दिखाएंगे कौशल...
बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनिल श्रीवास्तव, सपा नेता अखिलेश मिश्रा, प्रजानाथ शर्मा, कुंवर सुरेश सिंह, लाल बिहारी पटेल, गणेश शंकर पांडेय, बहादुर यादव, डॉ. सुबेदार सिंह, मकसूद खान और अंबुज श्रीवास्तव सहित कई लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए. संचालन आनंद मिश्र तथा धन्यवाद ज्ञापन अरविंद किशोर राय ने किया.



