पांडेयपुर में वृद्धा के कान का कुंडल नोचकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस...

वाराणसी : लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक वृद्धा के साथ हुई लूट की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी. संगम नगर कॉलोनी में घर के बाहर टहल रही 80 वर्षीय महिला को बाइक सवार दो बदमाशों ने अपना निशाना बनाया और उनके कान का कुंडल नोचकर फरार हो गए. घटना के बाद पीड़िता और उनके परिजनों ने पुलिस से शिकायत की है.
जानकारी के अनुसार संगम नगर कॉलोनी निवासी एक वृद्धा मंगलवार शाम अपने घर के बाहर टहल रही थीं. इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे. दोनों ने पहले किसी व्यक्ति का पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की. वृद्धा उनकी बातों में उलझ गईं और उन्हें रास्ता समझाने लगीं.
इसी बीच एक बदमाश ने मौका देखकर वृद्धा के कान में पहना कुंडल झपट लिया. कुंडल निकालते समय वृद्धा को चोट भी आई. घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए. अचानक हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
पीड़िता के पुत्र सुभाष कुमार अग्रहरी ने घटना की सूचना पुलिस को दी. शिकायत के आधार पर लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
ALSO READ : कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी मामले में फरार तीन आरोपियों पर नया मुकदमा, संपत्ति कुर्की की तैयारी...
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे बुजुर्गों और महिलाओं में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है. पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.
इस घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अजनबियों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.



