Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

वाराणसी में एनजीटी के आदेशों के अनुपालन और पर्यावरण संरक्षण पर मंथन, दिए गए निर्देश ...

वाराणसी में एनजीटी के आदेशों के अनुपालन और पर्यावरण संरक्षण पर मंथन, दिए गए निर्देश ...
Jun 11, 2026, 11:12 AM
|
Posted By Diksha Mishra

वाराणसी : राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) द्वारा पारित आदेशों के अनुपालन और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों के संबंध में एनजीटी प्रधान न्यायपीठ,नई दिल्ली के सदस्य/न्यायाधीश डॉ. अफरोज अहमद की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक वाराणसी में संपन्न हुई. उन्होंने नदी संरक्षण,ग्रीन बेल्ट विकसित करने,आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने,पर्यावरण संरक्षण,सीवरेज ट्रीटमेंट और भविष्य की कार्य योजना तथा विभिन्न अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों के बारे में विस्तार से संबंधित विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.


हॉस्पिटल में 48 घंटे से ज्यादा समय तक बायोमेडिकल वेस्ट न रहे


उन्होंने सीएमओ से कहा कि बायोमेडिकल वेस्ट के आंकलन और निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करें. ये सुनिश्चित करें कि हॉस्पिटल में 48 घंटे से ज्यादा समय तक बायोमेडिकल वेस्ट न रहे. ई-वेस्ट के निस्तारण के लिए यूपीपीसीबी के क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी को निर्देशित किया कि कोई रीसाइक्लर या खरीदार मिल जाए तो ठीक होगा. ई-वेस्ट के संबंध में लोगों को जागरूक करने की भी आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि जो भी सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी की शर्तें हैं उनका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने सीवरेज के पानी का उपयोग कृषि, लैंडस्केपिंग व बागवानी और निर्माण कार्यों में करने का निर्देश दिया.


VARANASI


पुराने वृक्षों को संरक्षित रखने वाले लोगों को प्रोत्साहित करें


उन्होंने डीएफओ से कहा कि 100-200 वर्ष के पुराने वृक्षों को संरक्षित रखने वाले लोगों को प्रोत्साहित किया जाए. साथ ही किसानो को खेत के मेढ़ों पर पौधे लगाने के लिए जागरूक करने के साथ एग्रो फारेस्ट्री के प्रोत्साहन पर जोर दिया. उन्होंने जिला कृषि अधिकारी को गंगा नदी के किनारे बसे किसानों को कीटनाशक दवाओं के कम उपयोग के लिए,वृक्षारोपण करने व खेतों की अच्छी तरह से मेढ़बंदी कराने हेतु जागरूक करने के निर्देश दिए. इसमें केवीके(कृषि विज्ञान केंद्र) सहित एटीएम(असिस्टेंट टेक्नोलॉजी मैनेजर)और बीटीएम(ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर)की सहायता ली जाए. उन्होंने कहा कि बायोडिग्रेडेबल वेस्ट से अधिक से अधिक कम्पोस्ट खाद बनाया जाए.


ग्राउंड वाटर रिचार्ज के लिए हों बेहतर कार्य


ग्राउंड वाटर रिचार्ज के लिए बेहतर कार्य किया जाए ताकि ग्राउंड वाटर क्रिटिकल जोन में न जाने पाए. नालों के अगल बगल बृहद तरीके से वृक्षारोपण किया जाए. सीवरेज ट्रीटमेंट के कार्य संबंधी योजना में जो गैप है. उसके लिए डीपीआर/प्रपोजल/प्रोजेक्ट बनाकर तैयार रखें, ताकि शत प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित हो सके. ग्राम पंचायतों की सरकारी भूमि पर बायोडायवर्सिटी वन विकसित करने के निर्देश दिए गए. इसमें मुख्य रूप से जामुन,अर्जुन और इमली के पौधे लगाए जाएँ. पर्यावरण संरक्षण के छोटे मोटे कार्यों के लिए सीएसआर फण्ड की भी सहायता ली जाए.


पर्यावरण और अर्थव्यवस्था एक-दूसरे से जुड़े


सर्किट हाउस सभागार में आयोजित बैठक में डॉ. अफरोज अहमद ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है. उन्होंने कहा कि पर्यावरण और अर्थव्यवस्था एक-दूसरे से जुड़े हैं तथा सतत विकास के लिए पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देना आवश्यक है. उन्होंने नदियों के बाढ़ क्षेत्र का चिन्हीकरण करने, नदी जलागम क्षेत्रों में अधिक पौधारोपण करने तथा सर्वोच्च न्यायालय और एनजीटी के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि नदियों के संरक्षण के लिए उनके जलागम क्षेत्रों में वन क्षेत्र का विस्तार जरूरी है.


बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जिले में विभिन्न अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण,नदी संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी. नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में डोर टु डोर कूड़ा कलेक्शन व विभिन्न अपशिष्ट का पृथक्करण और निस्तारण संबंधी विषयों की जानकारी दी.


ALSO READ : वाराणसी में पेंटर की गोली लगने से मौत प्रकरण में हत्‍या का केस दर्ज, सीसी कैमरे का डीवीआर गायब...


साथ ही पुराने और अनुपचारित कचरे के वैज्ञानिक और सुरक्षित तरीके से निपटान के बारे में बताया. डॉ. अफरोज अहमद ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के कार्यों की सराहना की और इन्हें निरंतर जारी रखने पर जोर दिया. मीटिंग की समाप्ति पर उन्होंने सर्किट हाऊस परिसर में सिंदूर और जिलाधिकारी ने आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. इस बैठक में सीडीओ प्रखर कुमार सिंह,डीएफओ स्वाति सिंह,वीसी वीडीए पूर्ण बोहरा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

वाराणसी की 30 महिलाएं बनी 'सोलर दीदी', नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे
वाराणसी की 30 महिलाएं बनी 'सोलर दीदी', नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे
वाराणसी : भारत सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत संचालित 'सोलर दीदी' अभियान के तहत वाराणसी में 30 महिलाओं को रोजगार प्रदान किया गया. आर्क सूर्य शक्ति प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित चयन एवं नियुक्ति कार्यक्रम में चयनित महिलाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए. साथ ही उन्हें सौर ऊर्जा से संबंधित तकनीकी प्रशिक्षण, कार्य प्रणाली और जनजागरूकता अभियान से जुड़ी जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई.कार्यक्रम में आर्क सूर्य शक्ति प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अभिषेक सिंह 'चंचल' ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण किसी भी विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है. 'सोलर दीदी' अभियान महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका भी प्रदान कर रहा है. चयनित महिलाएं अब लोगों को योजना की जानकारी देंगी और सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करेंगी.अभिषेक सिंह ने बताया कि आर्क परिवार फाउंडेशन समाज सेवा के अपने संकल्प के तहत सौर ऊर्जा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का कार्य लगातार कर रहा है. संस्था ऐसे परिवारों तक पहुंच रही है, जो जानकारी के अभाव या आर्थिक कारणों से सोलर संयंत्र नहीं लगवा पा रहे हैं. फाउंडेशन उन्हें प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, सरकारी सब्सिडी, बैंक ऋण और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी देने के साथ आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराता है. जरूरतमंद परिवारों को संस्था अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग भी प्रदान करती है.ALSO READ: कैंट स्टेशन के बाहर महिलाओं से अश्लील हरकत, एंटी रोमियो टीम ने दो युवकों को किया गिरफ्तारउन्होंने कहा कि फाउंडेशन कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से उद्योग जगत को भी स्वच्छ ऊर्जा अभियान से जोड़ने का प्रयास कर रहा है. उनका मानना है कि सरकार, उद्योग, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास से ही भारत ऊर्जा आत्मनिर्भर और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार राष्ट्र बन सकता है. उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाना केवल बिजली बिल कम करने का माध्यम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है.
कैंट स्टेशन के बाहर महिलाओं से अश्लील हरकत, एंटी रोमियो टीम ने दो युवकों को किया गिरफ्तार
कैंट स्टेशन के बाहर महिलाओं से अश्लील हरकत, एंटी रोमियो टीम ने दो युवकों को किया गिरफ्तार
वाराणसी: सिगरा थाना क्षेत्र में कैंट रेलवे स्टेशन के सामने महिलाओं से अश्लील हरकत और अभद्र इशारे करने वाले दो युवकों को एंटी रोमियो टीम ने गिरफ्तार किया है। वहीं मौके पर मौजूद आठ अन्य युवकों को उनके परिजनों को बुलाकर चेतावनी और माफीनामा लेने के बाद सुपुर्द कर दिया गया।पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी रोमियो टीम को सूचना मिली कि कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच कुछ युवक आने-जाने वाली महिलाओं को अश्लील इशारे कर परेशान कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सादे कपड़ों में पहुंची टीम ने मौके पर जांच की तो शिकायत सही पाई गई।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवनीश पांडेय (20 वर्ष), निवासी चौबेपुर, वाराणसी तथा संदीप कुमार यादव (20 वर्ष), निवासी कछवा, मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ सिगरा थाने में मु.अ.सं. 0310/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।ALSO READ: वाराणसी में हेरोइन और नकदी के साथ तस्‍कर गिरफ्तार, सारनाथ पुलिस ने की कार्रवाईइसके अलावा मौके पर मिले आठ अन्य युवकों को उनके परिजनों को बुलाकर भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई और माफीनामा लेने के बाद छोड़ दिया गया।यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में एंटी रोमियो टीम प्रभारी उपनिरीक्षक काजोल सिंह, उपनिरीक्षक डाली साहू तथा टीम के अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा की गई।
वाराणसी में हेरोइन और नकदी के साथ तस्‍कर गिरफ्तार, सारनाथ पुलिस ने की कार्रवाई
वाराणसी में हेरोइन और नकदी के साथ तस्‍कर गिरफ्तार, सारनाथ पुलिस ने की कार्रवाई
वाराणसी : सारनाथ थाने की पुलिस ने एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है. उसके पास से लाखों रुपये मूल्य की 19 ग्राम हेरोइन और 1350 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. आरोपी की तलाश पुलिस कई दिनों से कर रही थी.थाना प्रभारी सारनाथ पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बीती रात सारनाथ पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस टीम को थाना क्षेत्र के हवेलिया रेलवे क्रॉसिंग स्थित त्रिदेव अपार्टमेंट के पास एक हेरोइन तस्कर के मौजूद होने की सूचना मिली.सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. रात करीब 11:40 बजे एक युवक अपार्टमेंट की दीवार के किनारे छिपा खड़ा था. पुलिस टीम को देखकर वह अपार्टमेंट की बाउंड्री कूदकर भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर उसे कुछ दूर पर उसे दबोच लिया. तलाशी लेने पर उसकी जेब से हेरोइन का एक पैकेट और 1350 रुपये नकद बरामद हुए.ALSO READ: काशी के कोतवाल ने किया नगर भ्रमण, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाबपकड़े गए युवक की पहचान मूरत राजभर उर्फ कुत्तू राजभर पुत्र मुन्ना राजभर, निवासी पैगंबरपुर कुआं, थाना सारनाथ, वाराणसी के रूप में हुई. पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह हेरोइन पीने का आदी है. उसने महंगी हेरोइन बड़ी मात्रा में खरीदकर रखी थी, जिसे वह अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर युवा पीढ़ी को बेचता था. मुनाफे के पैसों से वह अपने नशे की पूर्ति करता था.सारनाथ पुलिस ने आज दोपहर चिकित्सकीय परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी, चौकी प्रभारी पुराना पुल अनुज कुमार शुक्ला, सब इंस्पेक्टर अमरजीत कुमार, हेड कांस्टेबल दिलीप यादव, पंकज सिंह और कांस्टेबल सुमित कुमार सिंह शामिल थे.