गोलीकांड मामले में यूपी कॉलेज के उग्र हुए छात्र, शिक्षकों पर पथराव, पुलिस ने भांजी लाठियां

वाराणसी: यूपी कॉलेज में छात्र की हत्या के बाद बवाल तेज हो गया. पहले प्राचार्य के घर हमला करने के बाद शिक्षकों पर छात्रों के हमले की एक और घटना सामने आई है, जिसमें छात्रों ने गुस्से में आकर कॉलेज परिसर में घुसकर शिक्षकों पर पथराव किया. इस दौरान कई गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए गए. घटना के समय कॉलेज के केमिस्ट्री के प्रोफेसर अभिषेक सिंह पथराव के कारण घायल हो गए. छात्रों ने कालेज के बाहर भी वाहनों में तोड़फोड़ की. इस दौरान पुलिस मूक दर्शक बनी रही.

पुलिस ने छात्रों पर भांजी लाठियां
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने छात्रों को खदेड़ने के लिए लाठियां भांजी. छात्रों ने कॉलेज के अंदर घुसकर शिक्षकों पर हमला किया, जिससे स्थिति और भी बिगड़ गई. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए त्वरित कार्रवाई की और छात्रों को परिसर से बाहर निकाल दिया. इस हमले के बाद, शिक्षकों ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस से बहस की. शिक्षकों का कहना था कि उन्हें कॉलेज परिसर में सुरक्षित महसूस नहीं हो रहा है. इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा में अध्यापकों को कालेज परिसर से बाहर निकाला. इस घटना ने कॉलेज के माहौल को गंभीर रूप से प्रभावित किया है और शिक्षकों के बीच चिंता का विषय बन गया है.

पुलिस के अनुसार छात्रों के उपद्रव के पीछे आरोपित चिन्हित किए जा रहे हैं. कॉलेज प्रशासन ने भी इस घटना की निंदा की है और कहा है कि वे इस प्रकार की हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेंगे. प्रशासन ने छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है. शिक्षकों और छात्रों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए, कॉलेज प्रशासन ने मंत्रणा भी की है, जिसमें इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी.
![]()
यह भी पढ़ें: छात्र की हत्या का गरमाया मुद्दा, छावनी में तब्दील हुआ यूपी कॉलेज
भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे. फिलहाल कालेज परिसर में पुलिस की गश्त बढा दी गई है. बता दें कि शुक्रवार की सुबह यूपी कालेज में बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद कालेज परिसर में माहौल हिंसक हो गया.



