वाराणसी में आज कई इलाकों में तीन घंटे तक बिजली कटौती, मरम्मत और तार शिफ्टिंग का कार्य जारी...

वाराणसी के विभिन्न इलाकों में मंगलवार को विद्युत विभाग द्वारा मरम्मत और तार शिफ्टिंग कार्य के चलते कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार अलग-अलग उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में निर्धारित समय तक बिजली कटौती की जाएगी.
विद्युत विभाग ने बताया कि नगर निगम उपकेंद्र के सिगरा फीडर से सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी. इस दौरान सिगरा और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ सकता है. विभाग के मुताबिक सीएम ग्रिड योजना के तहत विद्युत तारों की शिफ्टिंग और तकनीकी मरम्मत का कार्य किया जा रहा है, जिसके कारण यह कटौती आवश्यक है.
इसके अलावा दौलतपुर उपकेंद्र से जुड़े भक्तिनगर और कुंती विहार इलाके में भी सुबह 8 बजे से 11 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. वहीं उदयपुर उपकेंद्र के सोयेपुर क्षेत्र और लेढ़ूपुर उपकेंद्र के आशापुर फीडर से जुड़े इलाकों में भी निर्धारित समय तक बिजली नहीं रहेगी.
ALSO READ:वाराणसी में एमबीबीएस की छात्रा ने फंदे से लटकर की आत्महत्या
गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी इसका असर झेलना पड़ रहा है. कई इलाकों में लोगों ने लगातार हो रही बिजली कटौती पर नाराजगी जताई है.
विद्युत विभाग ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए जरूरी कार्य पहले ही पूरा कर लें. विभाग का कहना है कि मरम्मत और तार शिफ्टिंग का कार्य पूरा होते ही बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी.



