कफ सिरप मामला: आरोपी के गोदाम में चोरी, पुलिस गिरफ्त में अभियुक्त

Cough syrup case: Theft at accused's warehouse, accused arrested by police
वाराणसी: कफ सिरप तस्करी प्रकरण के आरोपी के गोदाम की दीवार तोडकर चोरी करने के आरोप में कोतवाली थाने की पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से चोरी की गई दवा के 05 कार्टन दवा सहित दवा के चार पैकेट बरामद किए गए. इस मामले में कोतवाली में धारा– 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था. इसके बाद आरोपी की तलाश में पुलिस हाथ पैर मार रही थी. गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर धारा- 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गयी है. अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है.

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने खोला राज
सप्तसागर क्षेत्र निवासी गिरफ्तार आरोपी अनिरुद्ध यादव ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि मेरे मकान के प्रथम तल पर स्थित दुकान व बेसमेंट में स्थित गोदाम को आदित्य जायसवाल ने किराये पर लिया था. जिसमें आदित्य जायसवाल दवा की दुकान व गोदाम चलाता था. जब जनवरी महीने में आदित्य जायसवाल कफ सीरप वाले मुकदमें में जेल चला गया तो उक्त दुकान व गोदाम की देखभाल करने वाला कोई नहीं रहा.

दुकान का स्टाफ भी आदित्य जायसवाल के जेल चले जाने के बाद उक्त दुकान पर आना जाना बंद कर दिया. दुकान के गोदाम की दीवार मेरे होमस्टे व डोमेट्री से सटी हुई है. मुझे लगा कि अब उक्त दुकान व गोदाम पर कोई देखभाल करने वाला नहीं है तो मैंने सोचा कि उक्त गोदाम को अपने कब्जे में लेने का अच्छा मौका है इसलिये मैंने एक रात मौका पाकर उक्त गोदाम की दीवार मेरी डारमेट्री से सटे होने का फायदा उठाकर मैंने दीवार तोड़कर उसमें रखी दवा के पैकेटों तथा कार्टन को अपने कब्जे में ले लिया. गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विजय कुमार यादव, उपनिरीक्षक अंकित कुमार सिंह, उनि अजीत मौर्या, एसआईटी टीम, अखिलेश कुमार शामिल थे.
चोरी के ई रिक्शा संग एक गिरफ्तार
दशाश्वमेध पुलिस ने चोरी के ई रिक्शा के साथ एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान जैतपुरा थाना क्षेत्र के बागेश्वरी देवी निवासी रवि यादव के रूप में हुई. पुलिस ने उसे पत्थर गली के पास से ई रिक्शा के साथ दबोच लिया.

Also Read: वाराणसी कैंट स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में ट्रेन मैनेजर, हालत गंभीर



