काशी ने पूरा किया कस्तूरबा विद्यालय नामांकन लक्ष्य, सभी 1100 सीटें हुईं फुल…

वाराणसी: कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में नामांकन को लेकर सामने आ रही अधूरी तस्वीर के बीच वाराणसी से राहत भरी खबर है. शिक्षा विभाग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिले के सभी छह कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में निर्धारित 1100 सीटों के सापेक्ष नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और इस वर्ष का प्रवेश लक्ष्य हासिल कर लिया गया है.
हालांकि कुछ रिपोर्टों और ऑनलाइन आंकड़ों में अभी भी नामांकन संख्या कम दिखाई दे रही है, लेकिन विभागीय सूत्रों का कहना है कि यह स्थिति तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से बनी हुई है. वर्तमान में ग्रीष्मकालीन अवकाश चल रहा है, जिसके कारण विद्यालयों और संबंधित पोर्टलों पर अंतिम आंकड़ों का अपडेट नहीं हो पाया है.
सूत्रों के मुताबिक, 1 जुलाई से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ विद्यालय खुलेंगे और उसी दौरान नामांकन संबंधी आंकड़ों को पोर्टल एवं वेबसाइट पर अपडेट करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी. इसके बाद वाराणसी का वास्तविक नामांकन डेटा सार्वजनिक रूप से दिखाई देगा.
गौरतलब है कि हाल के दिनों में प्रदेश के कई जिलों में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में लक्ष्य से कम नामांकन की खबरें सामने आई थीं. ऐसे में वाराणसी को लेकर भी यह धारणा बनी कि जिले में लगभग 726 छात्राओं का ही पंजीकरण हुआ है. लेकिन विभागीय सूत्रों का दावा है कि नामांकन अभियान के अंतिम चरण में व्यापक प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप सभी उपलब्ध सीटों को भर लिया गया.
ALSO READ : वाराणसी में मकान से हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरापित गिरफ्तार...
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय आर्थिक रूप से कमजोर, वंचित और ग्रामीण पृष्ठभूमि की बालिकाओं को निःशुल्क आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है. इन विद्यालयों में छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ आवास, भोजन, पुस्तकें, गणवेश और अन्य सुविधाएं भी निःशुल्क प्रदान की जाती हैं.
अब 1 जुलाई को विद्यालय खुलने और पोर्टल अपडेट होने के बाद वाराणसी के नामांकन आंकड़ों की आधिकारिक तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी. शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि अपडेटेड डेटा जिले द्वारा लक्ष्य प्राप्ति की पुष्टि करेगा.



