वाराणसी में भूमि विवाद ने लिया खुनी रूप, चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या...

वाराणसी : जमीन और पट्टीदारी की पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया. गुरुवार रात सिंधौरा थाना क्षेत्र के मझवा गांव में 22 वर्षीय युवक सौरभ सिंह उर्फ बंटी की उसके चचेरे भाई ने पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. वहीं मृतक के परिवार में मचा हुआ है. घटना के संबंध में मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर बबलू सिंह, रिशु सिंह, देवी सिंह, राजेश सिंह, गोलू सिंह एवं हरिओम सिंह के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है. वहीं पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.
युवक के पिता सर्वेश सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपी चचेरे भाई बबलू सिंह और उसके साथी रिशु ने पहले जमीन संबंधी केस में बचाने का झांसा देकर 4.5 लाख रुपये ऐंठ लिए थे. इसके बाद धमकी दी गई थी. 28 मई को भी सौरभ को उठाकर ले जाया गया था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सौरभ सिंह घर के बाहर खड़ा था, तभी बबलू और रिशु ने उसे बुलाया. छोटी-सी बात पर विवाद बढ़ गया. इस बीच आरोपी ने पिस्टल निकालकर सौरभ की कनपटी पर सटाकर गोली चला दी. गोली सिर के पार निकल गई. गोली लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा. आसपास के ग्रामीणों को गोली की आवाज सुनाई दी, लेकिन तब तक आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो चुके थे. परिजनों ने घायल सौरभ को सबसे पहले निजी अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को दीन दयाल उपाध्याय जिला अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में परिजनों ने हंगामा किया और पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया.

पिता सर्वेश सिंह ने बताया, “मैंने 3 बिस्वा जमीन खरीदी थी. बबलू और रिशु ने सिंधौरा चौकी इंचार्ज रोहित पटेल के माध्यम से बचाने का झांसा देकर 4.5 लाख रुपये ले लिए. इसके बावजूद मेरे बेटे को मार दिया गया. मेरे पास अब सिर्फ 2 बिस्वा जमीन बची है.” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 28 मई को चौकी इंचार्ज ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी.
घटना की सूचना मिलते ही सिंधौरा थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची. एसओजी, एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार और एसीपी पिंडरा भी मौजूद रहे. थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुराने जमीन विवाद से जुड़ा है. गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. वहीं, परिवार न्याय की मांग कर रहा है. इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है.
चार आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश
उक्त घटना के संबंध में मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर थाना सिंधोरा पर मुअसं 126/2026, धारा 3(5)/103(1) बीएनएस के अंतर्गत बबलू सिंह, रिशु सिंह, देवी सिंह, राजेश सिंह, गोलू सिंह एवं हरिओम सिंह के विरुद्ध केस दर्ज किया गया. इसी क्रम में शुक्रवार को थाना सिंधोरा पुलिस द्वारा मुकदमा उपरोक्त में नामजद एवं वांछित अभियुक्त रिशु सिंह, देवी सिंह, राजेश सिंह एवं गोलू सिंह को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.
ALSO READ : जिलाधिकारी ने कहा समझौते से हल करें जमीन का विवाद, समय से पूरी करें परियोजना ...
घटना में शामिल अन्य नामजद फरार अभियुक्तगण बबलू सिंह एवं हरिओम सिंह की गिरफ्तारी हेतु गठित पुलिस टीम द्वारा लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है.



