नीम के पेड़ को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट, चले लाठी-डंडे, पांच घायल

Two groups clashed over a neem tree, resulting in the use of sticks and rods, injuring five.
वाराणसी: चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया गांव में आंधी के दौरान गिरे नीम के पेड़ को लेकर शुरू हुआ विवाद दो पक्षों के बीच खूनी जंग में बदल गया. आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने मनबढ़ई दिखाते हुए पूरे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें पांच लोग घायल हो गए. मारपीट में एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है, जिस पर चिकित्सकों ने करीब 40 टांके लगाए हैं. घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है.

पेड़ को काटने को लेकर गांव में विवाद
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले आई तेज आंधी के दौरान गांव में स्थित एक पुराना नीम का पेड़ गिर गया था. पेड़ को काटने और ले जाने को लेकर गांव के दो पक्ष आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया. एक पक्ष के राजेश सिंह का आरोप है कि गांव के गोविंद राजभर, नंदलाल राजभर, रवि राजभर, पप्पू राजभर, गुलाब राजभर और सरोज राजभर जबरन उनके बगीचे में गिरे नीम के पेड़ को काटकर ले जा रहे थे.

विरोध करने पर आरोपी भड़क गए और थोड़ी देर बाद एकजुट होकर लाठी-डंडों के साथ उनके घर पहुंच गए. आरोप है कि सभी ने पूरे परिवार को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और घर में घुसकर हमला किया. मारपीट में राजेश सिंह, उनके छोटे भाई अरुण कुमार सिंह और अजीत सिंह उर्फ गुड्डू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना में सबसे अधिक चोट अजीत सिंह को आई है.

यह भी पढ़ें: गौमाता को कटने से बचाने के लिए शंकराचार्य की मुहिम, OLX की तरह नई वेबसाइट करेंगे शुरू
अजीत के सिर में तीन जगह गहरी चोट लगी, जिसके चलते चिकित्सकों को करीब 40 टांके लगाने पड़े. उनका इलाज लोहता क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. वहीं अन्य घायलों का जिला अस्पताल और निजी चिकित्सालय में उपचार कराया गया. इस मामले में दूसरे पक्ष से सरोज राजभर ने चोलापुर थाने पर तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है. बताया कि उसके पक्ष से दो लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है. स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है.



