16 से 21 जुलाई तक कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित, दोहरीकरण कार्य के चलते रेलवे ने जारी की सूची...

वाराणसी : पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में गोरखपुर कैंट-उनौला रेलखंड पर पैच दोहरीकरण और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 16 से 21 जुलाई तक कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा. रेलवे प्रशासन ने इस दौरान कुछ ट्रेनों को निरस्त करने, कई ट्रेनों का मार्ग बदलने, कुछ का शॉर्ट टर्मिनेशन एवं शॉर्ट ओरिजिनेशन करने के साथ ही कई ट्रेनों का समय पुनर्निर्धारित करने का निर्णय लिया है.
रेलवे प्रशासन के अनुसार गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा. इसके बाद 21 जुलाई को रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा निरीक्षण भी प्रस्तावित है। इसी कारण यह बदलाव किए गए हैं.
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार इस अवधि में कई सवारी और एक्सप्रेस ट्रेनों को पूरी तरह निरस्त किया गया है. इनमें गोरखपुर कैंट-नरकटियागंज, नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट, छपरा-गोरखपुर, गोरखपुर-छपरा सहित कई पैसेंजर सेवाएं शामिल हैं. वहीं छपरा-नौतनवा एक्सप्रेस, प्रयागराज-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस तथा बापूधाम मोतिहारी-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें भी निर्धारित तिथियों पर निरस्त रहेंगी.
इसके अलावा अमृतसर-दरभंगा एक्सप्रेस, पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर एक्सप्रेस, कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस, गुवाहाटी-जम्मूतवी एक्सप्रेस, मथुरा-छपरा एक्सप्रेस, दरभंगा-नई दिल्ली एक्सप्रेस, हावड़ा-काठगोदाम एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। मार्ग परिवर्तन के कारण इन ट्रेनों का कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव भी नहीं रहेगा.
रेलवे ने कुछ ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन भी किया है. बनारस-गोरखपुर एक्सप्रेस, गोरखपुर-बनारस एक्सप्रेस, गोमतीनगर-गोरखपुर एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस और वाराणसी सिटी-गोरखपुर कैंट एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें अपने निर्धारित गंतव्य तक नहीं जाएंगी और बीच के स्टेशनों से ही संचालित होंगी.
इसके साथ ही कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है. कुछ ट्रेनों को 30 मिनट से लेकर 300 मिनट तक पुनर्निर्धारित किया गया है, जबकि कई ट्रेनों को अलग-अलग मंडलों में नियंत्रित कर चलाया जाएगा.
ALSO READ : 30 जुलाई को मनाया जायेगा सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय का 44वां दीक्षांत समारोह, 32 मेधावियों को मिलेंगे 53 स्वर्ण पदक...
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति, समय और मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. यात्रियों से रेलवे के आधिकारिक माध्यमों और पूछताछ सेवाओं से अपडेट लेने की भी सलाह दी गई है.



