वाराणसी के इस मार्ग पर सर्वे शुरू, करोड़ों खर्च कर 26 मीटर चौड़ी होनी है सड़क

वाराणसी : शहर के सबसे व्यस्त और जाम प्रभावित मार्गों में शामिल इंग्लिशिया लाइन से भेलूपुर तक सड़क चौड़ीकरण के लिए सर्वे शुरू कर दिया गया है. लोक निर्माण विभाग की ओर से मार्ग का सर्वे कराया जा रहा है, जिसमें सड़क किनारे स्थित भवनों, दुकानों और सरकारी परिसरों का आकलन किया जा रहा है. लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम इन दिनों मार्ग का सर्वे कर रही है. परियोजना पर करीब 660 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. प्रस्तावित योजना के तहत इंग्लिशिया लाइन से रथयात्रा, कमच्छा (जलकल कार्यालय), संकुलधारा पोखरा होते हुए भेलूपुर चौराहा (विजया मॉल) तक सड़क को 26 मीटर चौड़ा किया जाना है. वर्तमान में कई हिस्सों में सड़क की चौड़ाई 12 से 15 मीटर के बीच है, जिसके कारण दिनभर वाहनों की लंबी कतार और जाम की स्थिति बनी रहती है.
विभागीय अधिकारियों के अनुसार सर्वे के दौरान सड़क किनारे स्थित भवनों, दुकानों, सरकारी परिसरों तथा बिजली-पानी जैसी यूटिलिटी सेवाओं का डाटा जुटाया जा रहा है. सबसे अधिक चुनौती रथयात्रा चौराहे से कमच्छा तक के हिस्से में सामने आ रही है, जहां सड़क के दोनों ओर घनी आबादी और व्यावसायिक प्रतिष्ठान मौजूद हैं. यह चौड़ीकरण इंग्लिशिया लाइन, साजन तिराहा, सिगरा, रथयात्रा चौराहा, बीटीएस बाउंड्री, कमच्छा, जलकल कार्यालय, संकुलधारा पोखरा, खोजवा, चेतमणि चौराहा होते हुए भेलूपुर चौराहे तक किया जाएगा.
ALSO READ:फर्जी दस्तावेज बनाकर जमानत दिलाने वाला गिरोह का खुलासा, सरगना समेत दो गिरफ्तार
इस परियोजना को लहरतारा से भेलूपुर वाया बीएचयू तक प्रस्तावित मार्ग से भी जोड़ा जाएगा. इसके बाद यह मार्ग फुलवरिया फोरलेन, गिलट बाजार पुलिस चौकी, रिंग रोड और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी से भी लिंक होगा. शहर के बाहरी हिस्सों में हाईवे और रिंग रोड बनने के बाद वाहनों का दबाव अब शहर के अंदरूनी मार्गों पर बढ़ गया है.
शासन स्तर पर भेजे जाने वाले प्रस्ताव में भूमि, भवन क्षतिपूर्ति, सिविल वर्क, ड्रेनेज, फुटपाथ और यूटिलिटी शिफ्टिंग का खर्च शामिल किया जाएगा. सर्वे पूरा होने के बाद अंतिम रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन के माध्यम से शासन को भेजी जाएगी. मंजूरी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू होगी.
प्रस्तावित चौड़ाई : 26 मीटर
वर्तमान चौड़ाई : 12 से 15 मीटर
प्रमुख रूट : इंग्लिशिया लाइन-रथयात्रा-कमच्छा-भेलूपुर
अनुमानित बजट : 660 करोड़ रुपये



