वाराणसी में शुरू हुई देश की पहली डिजिटल जनगणना, घर बैठे भर सकेंगे अपना फॉर्म...

वाराणसी: 7 मई से देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना-2027 के तहत ‘स्व-गणना’ प्रक्रिया शुरू हो गई है. यह अभियान 21 मई तक चलेगा. इस दौरान नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने और अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे.
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहरवासियों से इस ऐतिहासिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है, उन्होंने बताया कि नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर मोबाइल नंबर और नाम के जरिए पंजीकरण कर सकेंगे. ओटीपी सत्यापन के बाद 33 सवालों की प्रश्नावली भरनी होगी. प्रक्रिया पूरी होने पर 11 अंकों की ‘एसई आईडी’ जारी होगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है.
22 मई से घर-घर पहुंचेगी टीम
जो परिवार ‘स्व-गणना’ प्रक्रिया पूरी कर लेंगे, उन्हें 22 मई से शुरू होने वाले जमीनी सर्वे के दौरान केवल अपनी एसई आईडी दिखानी होगी. डेटा मिलान होने के बाद उनकी प्रक्रिया तत्काल पूरी कर ली जाएगी.
डेटा सुरक्षा पर नगर निगम का जोर
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान किसी भी नागरिक से बैंक डिटेल, आधार नंबर या अन्य संवेदनशील जानकारी नहीं मांगी जाएगी, साथ ही लोगों से अपील की गई है कि घर आने वाले प्रगणक का आधिकारिक पहचान पत्र जरूर जांचें.
also read:मान मंदिर घाट पर दर्दनाक हादसा: ग्रेटर नोएडा के युवक की गंगा में डूबने से मौत...
दो चरणों में पूरी होगी जनगणना
पहला चरण मई-जून 2026 में हाउसलिस्टिंग और हाउसिंग सर्वे के रूप में चलेगा। दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू होगा, जिसमें जनसंख्या, साक्षरता, रोजगार और जातिगत आंकड़े जुटाए जाएंगे.
डिजिटल जनगणना की शुरुआत को वाराणसी के लिए ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, इससे नागरिकों को घर बैठे फॉर्म भरने की सुविधा मिलेगी और जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी व तेज होगी.



