मान मंदिर घाट पर दर्दनाक हादसा: ग्रेटर नोएडा के युवक की गंगा में डूबने से मौत...

वाराणसी: के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र स्थित मान मंदिर घाट पर बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया, ग्रेटर नोएडा निवासी एक युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई.
मृतक की पहचान हर्षवर्धन ठाकुर (27) पुत्र संदीप सिंह निवासी ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है. घटना के बाद घाट क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात हर्षवर्धन घाट की ओर पहुंचे थे.
इसी दौरान अचानक वह गंगा में डूब गए. आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा और गंगा के तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी. घटना की सूचना तत्काल दशाश्वमेध पुलिस और जल पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रात में ही युवक की तलाश शुरू कर दी गई. गुरुवार सुबह एनडीआरएफ की टीम भी सर्च ऑपरेशन में शामिल हुई. 8 घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद एनडीआरएफ जवानों, जल पुलिस और दशाश्वमेध पुलिस की संयुक्त टीम ने युवक का शव गंगा से बाहर निकाला.
also read:गंगा थीम पर बनेगा वाराणसी नगर निगम का नया हाईटेक सदन भवन, 12 महीने में होगा तैयार...
शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर परिजनों को सूचना दी, घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
मान मंदिर घाट पर हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल है. घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और देर रात निगरानी को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं. प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि रात के समय घाटों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतें और गंगा किनारे सावधानी रखें.



