जीएसटी अधिकारी के रिश्तेदार के घर चोरी का खुलासा, पुलिस मुठभेड में एक बदमाश को लगी गोली...

वाराणसी : शिवपुर थाना क्षेत्र में ऊंदी के पास गुरुवार की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. यह मुठभेड़ शिवपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा की गई. जब पुलिस ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने पुलिस बल पर फायरिंग कर दी. जवाबी फायरिंग में शातिर बदमाश विशाल को पैर में गोली लगी. मौके से भाग रहे उसके साथी रोहित को भी शिवपुर पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया. गिरफ्तार बदमाश क्षेत्र में जीएसटी अधिकारी के रिश्तेदार के घर हुई चोरी की घटना में शामिल थे. पुलिस ने उनके कब्जे से आभूषण, पिस्तौल वगैरह बरामद किए हैं.
मुठभेड़ देर रात की बताई जारही है. घायल बदमाश विशाल के खिलाफ पहले से एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से चोरी के करोड़ों रुपए मूल्य के आभूषण बरामद करने की सूचना दी है। जानकारी के अनुसार, विशाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर हाल ही में शिवपुर थाना क्षेत्र के तरना गणेशपुर में जीएसटी अधिकारी के ससुर कुमार विनोद के घर में करोड़ों की चोरी की घटना को अंजाम दिया था.
पुलिस टीम ने विशाल और रोहित के निशानदेही पर शिवपुर के कांशीराम आवास क्षेत्र से चोरी की घटना में शामिल पांडेपुर निवासी यस और सोना गलाने वाले अमन कुमार को भी गिरफ्तार किया. पुलिस ने उनके कब्जे से करीब चार लाख रुपए नगद और 800 ग्राम के सोने के जेवरात बरामद किए, जिनमें सोना गलाकर बनाए गए सोने के बिस्किट भी शामिल हैं. पुलिस प्रशासन ने इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का आश्वासन दिया है. पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों में भय पैदा होगा और वे कानून के दायरे में रहकर ही काम करेंगे. विशाल और उसके साथियों की गिरफ्तारी से यह स्पष्ट होता है कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए तत्पर है. पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाशों से पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य अपराधों का भी खुलासा हो सके.
ALSO READ : वाराणसी में एनजीटी के आदेशों के अनुपालन और पर्यावरण संरक्षण पर मंथन, दिए गए निर्देश ...
इस मामले में जहां विशाल कुमार पुत्र राजेन्द्र राम मूल पता सैदा थाना कंधरापुर जनपद आजमगढ़ का हाफ एनकाउंटर हुआ है वहीं रोहित पाल पुत्र कल्लू पाल निवासी भक्ति नगर कालोनी थाना लालपुर पाण्डेयपुर जनपद वाराणसी, यश सिंह पुत्र स्वर्गीय जयप्रसाद निवासी भक्ति नगर कालोनी थाना लालपुर पाण्डेयपुर जनपद वाराणसी, अमन सेठ निवासी पाण्डेयपुर थाना लालपुर पाण्डेयपुर जनपद वाराणसी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है.



