वाराणसी में यूपी कालेज छात्र हत्याकांड फिर चर्चा में आरोपी पर लगा रासुका...

वाराणसी : उदय प्रताप कालेज में 20 मार्च को हुई बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या एक बार फिर चर्चा में है. हत्या के इस मामले में जेल में बंद आरोपी मंजीत चौहान को जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून में निरुद्ध किया है. इसके पहले घटना के आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की भी कार्रवाई की थी. ग्राम दुबैथा थाना रामपुर मांझा जनपद गाजीपुर निवासी बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह सूर्या की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
इस मामले में पुलिस ने इसी कालेज में बीए में अध्ययनरत मंजीत चौहान और अनुज कुमार सिंह के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी. दोनों के खिलाफ दर्ज एफआइआर और विवेचना में इनकी दागदार छवि के आधार पर उनको गैंगस्टर में भी निरुद्ध किया. आरोपी जमानत के लिए लगातार प्रयास में जुटे थे. उधर शिवपुर थाना पुलिस ने इन पर शिकंजा कसते हुए रासुका के लिए पत्र लिखा. डीएम ने उन पर एनएसए लगा दिया गया है.
बता दें कि यूपी कालेज के प्रशासनिक भवन के पास 20 मार्च को दिन में 11 बजे यह घटना हुई. कमरा नंबर 12 के बाहर अध्यापकों व छात्रों के सामने ही सूर्य प्रताप सिंह सूर्या की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद गुस्साए छात्रों ने तोड़फोड़ और कई दिनों तक धरना प्रदर्शन भी किया था. मंजीत चौहान को उसी दिन गिरफ्तार किया जबकि दूसरे आरोपी मीरापुर बसही निवासी अनुज कुमार सिंह ने घटना के 14 दिन कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था.
ALSO READ:सावन के प्रथम दिन पर बाबा विश्वनाथ की नगरी में उमड़ा आस्था का सैलाब...
सॉल्वर गैंग के जरिए धोखाधड़ी करने वाला गिरफ्तार
वाराणसी में सॉल्वर गैंग के जरिए धोखाधड़ी करने वाला के मामले में फरार चल रहे एक वांछित को चेतगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर बलिया के उभांव थाना क्षेत्र के एकसार पिपरौली गांव स्थित घर से आरोपित अमन कुमार को मंगलवार को दबोच लिया. पुलिस ने बताया कि चार जून को लहुराबीर स्थित पीएम श्रीक्वींस इंटर कॉलेज में आयोजित उत्तर प्रदेश टीजीटी परीक्षा के दौरान मूल अभ्यर्थी के स्थान पर दूसरे व्यक्ति के परीक्षा देने का मामला सामने आया था. प्रधानाचार्य की तहरीर पर चेतगंज थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं व उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश-2024 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था.



