वाराणसी में IPL सट्टेबाज गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी हुए गिरफ्तार
वाराणसी: कमिनरेट पुलिस की एसओजी2 ने आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है. यह आईपीएल के इस सीजन की वाराणसी में पहली कार्रवाई बताई जा रही है. कैंट थाना क्षेत्र के टैगोर टाउन कॉलोनी में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने इस संबंध में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैचों पर दांव लगवा रहे थे. यह काला धंधा वेबसाइट के जरिए किए जा रहा था. इस ऑपरेशन का नेतृत्व कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने किया, जबकि एसओजी-2 प्रभारी अभिषेक पांडेय और उनकी टीम ने भी अहम भूमिका निभाई.

बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी का खेल
पुलिस को जरिए मुखबिर लगातार सूचना मिल रही थी कि टैगोर टाउन इलाके में एक संगठित गिरोह आईपीएल मैचों के दौरान बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी करवा रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से योजना बनाई और सही समय पर दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया. मौके पर आरोपी लाइव मैच के दौरान ग्राहकों से दांव लगवा रहे थे.

‘UP365’ वेबसाइट से चल रहा था नेटवर्क
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पारंपरिक एप के बजाय ‘UP365’ नामक वेबसाइट के जरिए सट्टेबाजी चला रहे थे. यह प्लेटफॉर्म उन्हें दांव लगाने, लगवाने और लेन-देन को गोपनीय तरीके से संचालित करने में मदद करता था. तकनीक के इस नए इस्तेमाल ने पुलिस के लिए इस नेटवर्क तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण बना दिया था. पुलिस के अनुसार, आरोपी तकनीकी रूप से काफी सतर्क थे. वे हर मैच के बाद अपने ब्राउज़र की हिस्ट्री और कैश को तुरंत डिलीट कर देते थे, ताकि कोई डिजिटल सबूत न बचे. इसके बावजूद पुलिस ने सटीक सूचना और रणनीति के आधार पर इस गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की.

लैपटॉप समेत कई रिकॉर्ड बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप और सट्टेबाजी से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड बरामद किए हैं. इन उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित बड़े गिरोह का खुलासा हो सके.
पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह सिर्फ वाराणसी तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य जिलों में भी इसका नेटवर्क फैला हो सकता है.

यह भी पढ़ें: वाराणसी में तीन दिवसीय विक्रमादित्य महानाट्य, UP और MP के सीएम करेंगे उद्घाटन
गिरफ्तार हुए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आईपीएल सीजन के दौरान सट्टेबाजी जैसे अवैध कारोबार पर कड़ी नजर रखी जा रही है. अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.


