वाराणसी पंचायत चुनाव: अंतिम मतदाता सूची जारी, 41397 मतदाता बढ़े ...

वाराणसी : त्रिस्तरीय पंचायत की मतदाता सूची का बुधवार को अंतिम प्रकाशन कर दिया गया. मतदाता सूची में 41397 मतदाताओं की वृद्धि हुई है. सूची में कुल मतदाताओं की संख्या 1793504 हो गयी है. अब यही मतदाता जिले के 694 ग्राम पंचायतों में प्रत्याशी चुन सकेंगे. मतदाता सूची विकास भवन के पंचायत कार्यालय के अलावा ब्लाकों पर आज से पब्लिक देख सकेगी. मालूम हो कि मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को हुआ था. दावे-आपत्तियों के निस्तारण के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने पांच बार समय सीमा में विस्तार किया था. जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि जिले में पुनरीक्षण शुरू होने से पहले मतदाता सूची में 1752107 मतदाताओं के नाम दर्ज थे. पुनरीक्षण अभियान में 240531 मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि 241264 मतदाताओं के नाम काटे गए थे.
प्रकाशित की गयी अनंतिम मतदाता सूची में कुल 1751374 मतदाताओं के नाम बचे थे. इस सूची में दर्ज नामों पर दावा और आपत्ति लेने के लिए वृहद पुनरीक्षण अभियान चलाया गया. दावा और आपत्तियों की जांच कर 99817 मतदाताओं के नाम जोड़े गए जबकि 57687 मतदाताओं के नाम काटने का निर्णय लिया गया. जिलाधिकारी ने बताया की वर्ष- 2025 की मतदाता सूची के आधार पर सूची में कुल 340348 मतदाताओं का नाम जोड़े गए और 298951 मतदाताओं के नाम काटे गए. प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में मतदाता अपना नाम देख सकते हैं. सूची अवलोकन के लिए पंचस्थानि चुनाव कार्यालय में उपलब्ध है.
ALSO READ : पुलिस लोगों से बात करते समय गालियां क्यों देती है, किशोरी चौपाल में थानाध्यक्ष से पूछा चुभता सवाल...
पंचायत चुनाव की तिथि तय नहीं
पंचायत चुनाव की तिथि तय नहीं है. अधिकारी भी इस बारे में कुछ भी स्पष्ट करने की स्थिति में नहीं हैं. फिलहान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो गया है. शासन के आदेश के क्रम में ग्राम प्रधान प्रशासक की भूमिका में हैं. हालांकि मतदाता सूची अब फाइनल हो चुकी है. आरक्षण फाइनल होने के बाद आयोग किसी भी समय चुनाव की तिथि घोषित कर सकता है. चर्चा यही है कि पंचायत चुनाव अब विधानसभा चुनाव बाद ही होंगे.



